यात्रियों से भरी बस हाईजैक करने का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में गिरफ्तार

आगरा। गुड़गांव से मध्य प्रदेश के पन्ना जा रही यात्रियों से भरी बस को उत्तर प्रदेश के आगरा जिला से अगवा करने के मामले में मुख्य आरोपी को यूपी पुलिस ने फिरोजाबाद में बृहस्पतिवार सुबह एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आगरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रदीप गुप्ता और उसका सहयोगी यतीन्द्र यादव बाइक पर जा रहे थे। पुलिस को देखकर उन्होंने गोलियां चलानी शुरू कर दी जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलायी। इस दौरान गुप्ता घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया जबकि उसका साथी यादव फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस की कई टीमें लगी हैं और जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार रात को बस को अगवा करने के मामले में कम से कम 12 लोग शामिल थे। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले बस मालिक अशोक अरोड़ा और प्रदीप गुप्ता के बीच पैसे के लेनदेन का विवाद था।

अगवा की गयी बस को 12 घंटे बाद बुधवार दोपहर बाद इटावा के एक ढाबे से बरामद कर लिया गया था। अधिकारियों के अनुसार सभी 34 यात्री सुरक्षित थे और उन्हें अन्य वाहनों से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया था। बस अगवा करने के मामले का मुख्य आरोपी गुप्ता जयपुर का रहने वाला है लेकिन फिलहाल आगरा में रहता है। अधिकारियों के अनुसार वह परिवहन विभाग के आरटीओ कार्यालय में दलाली का काम करता है।

आगरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को बताया था कि मंगलवार रात साढे़ दस बजे बस जब दक्षिण बाईपास पर रायभा टोल प्लाजा के निकट थी, दो एसयूवी में सवार आठ से नौ लोगों ने उसके आगे अपना वाहन लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया। इन लोगों ने दावा किया कि वे फाइनेंस कंपनी के लोग हैं। उन्होंने बस ड्राइवर से नीचे उतरने को कहा लेकिन बस ड्राइवर ने उनकी बात अनसुनी की और गाड़ी चलाता रहा।

उन्होंने बताया था कि एसयूवी पर सवार लोगों ने बस का पीछा किया और मलपुरा क्षेत्र में बस के आगे वाहन लगा दिया। वे बस पर चढ़े और ड्राइवर एवं कंडक्टर को जबरन नीचे उतार दिया। उन्होंने यात्रियों से कहा कि वे चिल्लायें नहीं। साथ ही आश्वासन दिया कि यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।

First Published on: August 20, 2020 6:38 PM
Exit mobile version