अलीगढ़ में युवक को गाड़ी से कुचलने का आरोपी गिरफ्तार, BJP के पूर्व जिलाध्यक्ष का है भतीजा

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सड़क पर हुई एक सनसनीखेज घटना के मामले में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवराज सिंह के भतीजे विक्रांत की गिरफ्तारी के बाद मामला चर्चा में आ गया है। बन्नादेवी थाना क्षेत्र में ऑडी कार से मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मारने और उसकी मौत होने के मामले में पुलिस ने आरोपी विक्रांत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। जबकि इससे पहले बीजेपी नेता द्वारा ड्राईवर द्वारा घटना करने की बात कही जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात दुकान बंद करने के बाद मनोज गांव के ही कन्हैया के साथ बाइक से सामान पहुंचाने जा रहे थे। रास्ते में सामान खरीदने के लिए मनोज ने बाइक रोकी थी। इसी दौरान पीछे से आई ओडी कार में सवार लोगों ने बाइक हटाने के लिए हार्न बजाया। बाइक हटाने के बाद भी कार सवारों ने मनोज से गाली-गलौच की। विरोध करने पर कहासुनी हो गई।

इसके बाद मनोज व कन्हैया आगे निकल गए। कार चालक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। मनोज सड़क पर गिर पड़े तो उनके ऊपर से कार चालक ने कार निकाल दी जिससे मनोज गम्भीर घायल हो गया उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। कन्हैया के घायल होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

21 अक्टूबर 2026 को ये मामला बन्नादेवी थाना पहुंचा जहां ऑडी कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई घटना की शिकायत के मुताबिक, ऑडी कार चालक ने वादी के पुत्र के साथ गाली-गलौज की और कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस घटना में युवक की मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही दूसरे तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से वाहन और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस की जांच में ऑडी कार का नंबर UK07FW7577 सामने आया। इसके आधार पर वाहन के चालक की पहचान विक्रांत पुत्र पंकज के रूप में की गई। आरोपी अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र में जेल पुल के पास वैष्णो धाम, जादौन बिल्डर्स के फ्लैट नंबर 203 का निवासी बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के बाद आरोपी विक्रांत को बन्नादेवी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।मामले में थाना बन्नादेवी पर मुकदमा संख्या 782/26 दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने संबंधित ऑडी कार के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

First Published on: October 24, 2026 9:20 AM
Exit mobile version