लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद हेतु आज दिनांक 17 अक्टूबर 2022 को पूरे देश में चुनाव सम्पन्न हुआ। मतगणना 19 अक्टूबर 2022 को होनी है इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय लखनऊ में भी चुनाव संपन्न हुआ पीसीसी के 1247 डेलीगेट्स में से लगभग 1200 से अधिक ने मताधिकार का प्रयोग कर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया में भाग लिया। मतदान के लिये 6 बूथ बनाये गये थे, प्रत्येक बूथ पर लगभग 200 के आसपास डेलीगेट्स को मतदान करना था।
प्रवक्ता ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिये हुए मतदान ने एक बार पुनः साबित कर दिया कि केवल कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें अध्यक्ष पद के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत चुनाव कराया जाता है, बाकी अन्य दलों में मनोनयन ही उनकी प्राथमिकता है। डेलीगेट्स ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, कांग्रेस विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्रा ‘‘मोना’’ समेत लगभग सभी डेलीगेटस ने मताधिकार का प्रयोग किया।
प्रवक्ता कृष्णकांत पाण्डेय ने बताया कि भाजपा जैसी पार्टियां मात्र दो लोगों के साथ ही नागपुर से संचालित होती हैं। कब उनके यहां चुनाव की प्रक्रिया चलती है आज तक कोई जान भी नहीं पाया। लोकतंत्र से भाजपा का कोई सरोकार नहीं है तथा उनका विश्वास भी दिखावे का है।
प्रवक्ता कृष्णकांत पाण्डेय ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण द्वारा नियुक्त पीआरओ रामेश्वर लाल डूडी जी की देखरेख में सम्पन्न हुआ।