बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र अंतर्गत सागरपाली गांव में गंगा नदी के तट पर बृहस्पतिवार को दो लाशों को कुत्तों द्वारा नोचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों शव का अंतिम संस्कार कराया।
फेफना थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को बृहस्पतिवार अपराह्न सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के सागरपाली गांव में गंगा नदी के तट पर दो शव दिखाई दे रहे हैं। इस सूचना के बाद उप जिलाधिकारी राजेश यादव सहित पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने दोनों शवों का गंगा नदी के तट पर अंतिम संस्कार कराया।
उन्होंने बताया कि दोनों शव पर घण्ट बंधे हुए थे और ऐसा प्रतीत होता है कि धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर परिजनों ने शवों को गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया था। उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुत्ते दो शवों को नोंचते हुए दिखाई दे रहे हैं।
गौरतलब है कि राज्य के कुछ जिलों में गंगा और यमुना नदी में शव पाए गए हैं। माना जा रहा है कि यह शव कोविड संक्रमितों के हैं। गाजीपुर, बलिया, हमीरपुर में यमुना और गंगा नदी में कई शव पाए गए हैं। हालांकि सरकार की ओर से इस मुद्दे पर अब तक स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है।
यहां आपको ये भी बता दें कि गंगा नदीं में लाशों के बहाए जाने की लगातार खबरें आ रही हैं। इसी हफ्ते मंगलवार की रात को बलिया में हीं सात लाशें तैरती हुई देखी गई थीं। हालांकि, प्रशासन ने इसके बिहार से बहकर आने की संभावना जताई थी और जांच के आदेश दिए गए थे।