बलिया गोलीकांड: सत्ता पार्टी में ही हैं मुख्तार और अतीक से बड़े माफिया- ओमप्रकाश राजभर

Ritesh Mishra Ritesh Mishra
उत्तर प्रदेश Updated On :

बलिया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह पर जातीय हिंसा भड़काने का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मुख्तार अंसारी व अतीक अहमद से बड़े माफिया सत्तारूढ़ दल में हैं।

ओमप्रकाश राजभर शुक्रवार को बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव में गये थे, जहां विगत 15 अक्‍टूबर को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के चयन के दौरान हुए विवाद में में जय प्रकाश पाल की गोली मारकर हत्‍या कर दी गई थी। दुर्जनपुर में पाल परिवार से मिलने के बाद ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने दुर्जनपुर हत्याकांड में मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह का बचाव कर रहे भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह पर जातीय हिंसा भड़काने का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि सुरेंद्र सिंह भाजपा के इशारे पर लगातार बेतुका बयानबाजी कर रहे हैं ।

कहा कि सुरेंद्र सिंह की जगह किसी दूसरे दल के नेता ने बयानबाजी दिया होता तो अब तक उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया होता। आरोप लगाया कि हाथरस कांड से लेकर बलिया जिले के दुर्जनपुर कांड तक भाजपा अपने नेताओं को बचाने के लिए घटना को उलझा रही है।

राजभर ने कहा कि दुर्जनपुर में अधिकारियों की मौजूदगी में हुई हत्या की घटना दिल दहला देने वाली है। अपराधी को सजा मिलनी चाहिए। प्रदेश सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध में कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद व आजम खान से बड़े माफिया हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती।

बिहार में एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी, बसपा मुखिया मायावती व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के दल के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री राजभर ने कहा कि उनके गठबंधन से भाजपा का सर्वनाश हो रहा है। राजभर ने दावा किया कि गठबंधन बिहार में ताकत के रूप में उभरेगा।

 

 



Related