बलिया गोलीकांड: विधायक को पार्टी की सख्त हिदायत, मामले की जांच से रहें दूर

सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से फोन पर बात की। इसमें उन्होंने बलिया की घटना को लेकर दिए भाजपा विधायक के बयान पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने यूपी अध्यक्ष से कहा कि वे विधायक सिंह को बता दें कि घटना की जांच से दूर रहें। वरना पार्टी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

बलिया। पिछले बृहस्पतिवार को बलिया जिले में रेवती थाना अंतर्गत दुर्जनपुर में कोटे की दूकान के आवंटन के वक्त हुई फायरिंग और मौत के मामले में आरोपी के समर्थन में उतरे बीजेपी विधायक से पार्टी आलाकमान बेहद नाराज है। अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले बलिया के बैरिया विधान सभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र सिंह को कड़ी हिदायत मिली है।

हत्याकांड के आरोपी धीरेन्द्र सिंह के पक्ष में खुलकर सामने आए सुरेंद्र सिंह के बयानों से पार्टी को खासा नुकसान होने की चिंता हो रही थी। मीडिया में आए विधायक के बयानों और आरोपी पक्ष की महिलाओं को थाने ले जाने की ख़बरों को पार्टी हाई कमान ने बेहद गंभीरता से लिया। यही नहीं मामला प्रदेश पार्टी से निकलकर दिल्ली पहुंचा जिसके बाद विधायक सुरेंद्र सिंह को लखनऊ तालाब किया गया।

एएनआई के मुताबिक, सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से फोन पर बात की। इसमें उन्होंने बलिया की घटना को लेकर दिए भाजपा विधायक के बयान पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने यूपी अध्यक्ष से कहा कि वे विधायक सिंह को बता दें कि घटना की जांच से दूर रहें। वरना पार्टी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

इससे पहले शनिवार को विधायक आरोपी पक्ष को लेकर थाने और फिर मेडिकल कराने के लिए बलिया जिला अस्पताल पहुंचे थे। वहां पर विधायक मीडिया के सामने ही फफक कर रो पड़े थे। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था। माना जा रहा है कि इसके बाद ही रविवार को उत्तर प्रदेश के पार्टी अध्यक्ष ने विधायक को लखनऊ तालाब कर लिया।

 

First Published on: October 19, 2020 1:04 PM
Exit mobile version