बलिया हत्याकांड: STF ने मुख्य आरोपी धीरेन्द्र को लखनऊ से किया गिरफ्तार


धीरेन्द्र सिंह की लखनऊ में गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर बलिया पुलिस अधीक्षक के पीआरओ ने बताया कि धीरेन्द्र सिंह की गिरफ्तारी के बारे किसी प्रकार की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है और न ही पुलिस अधीक्षक को।


Ritesh Mishra Ritesh Mishra
उत्तर प्रदेश Updated On :

बलिया/लखनऊ। बलिया जिले के रेवती कस्बा अंतर्गत दुर्जनपुर गांव में हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी व विधायक सुरेंद्र सिंह के करीबी धीरेन्द्र सिंह को यूपी की स्पेशल टास्क फोर्स यानि एसटीएफ ने रविवार की सुबह लखनऊ के जनेश्वर पार्क से गिरफ्तार कर लिया। हत्याकांड के बाद धीरेन्द्र सिंह तीन दिनों से फरार चल रहा था।

दो दिन पहले ही उसने एक वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताया था। उसकी तलाश के लिए पुलिस की एक दर्जन टीमें लगी हुई थीं। धीरेन्द्र सिंह की लखनऊ में गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर बलिया पुलिस अधीक्षक के पीआरओ ने बताया कि धीरेन्द्र सिंह की गिरफ्तारी के बारे किसी प्रकार की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है और न ही पुलिस अधीक्षक को।

फरार चल रहे मुख्य आरोपी के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट और रासुका लगाने के साथ ही गिरफ्तारी पर इनाम भी रखा था। धीरेंद्र पर कोटा आवंटन के दौरान गोली चलाने का आरोप है जिसमे गोली लगने से जय प्रकाश पाल नाम के व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस ने शनिवार को तीन और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था।

बलिया में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस घटना के बाद रेवती पुलिस ने मृतक जयप्रकाश के भाई चन्द्रमा पाल की शिकायत पर 8 नामजद व 25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। शुक्रवार देर रात डीआईजी आजमगढ़ रेंज सुभाष चंद्र दुबे ने फरार आरोपितों पर 50-50 हजार रुपये तथा एसपी देवेन्द्र नाथ ने 25-25 हजार रुपये इनाम की घोषणा की थी।

गौरतलब हो कि उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रेवती क्षेत्र का दुर्जनपुर गांव बृहस्पतिवार को गोलियों की तड़तड़ाहट के थर्रा उठा था। सरकारी सस्ते गल्ले के दुकान के चयन को लेकर पंचायत भवन में बैठक के दौरान अधिकारियों के सामने ही गोलियां चलने लगी जिससे वहां लोगों में हड़कंप मच गया और वे जान बचाकर भाग खड़े हुए।

वहीं गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पूरी घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने बताया था कि एक समूह के धीरेंद्र ने गोली चला दी, जिसमें जय प्रकाश उर्फ गामा पाल (46) की मौत हो गई।



Related