बलिया में डकैतों ने किसान के घर बोला धावा, विरोध करने पर मारी गोली, एक पकड़ा गया

सिंकदरपुर थाना क्षेत्र के सिवान कला के नेम टोला गांव में हथियारों से लैस डकैतों ने बुधवार की आधी रात के बाद रामनगीना यादव के घर पर धावा बोल दिया। इस दौरान विरोध करने पर रामनाथ यादव को गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

बलिया। सिंकदरपुर थाना क्षेत्र के सिवान कला के नेम टोला गांव में हथियारों से लैस डकैतों ने बुधवार की आधी रात के बाद रामनगीना यादव के घर पर धावा बोल दिया। इस दौरान विरोध करने पर रामनाथ यादव को गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण भी एकत्रित हो गए और उन्‍होंने एक डकैत को दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस उसे कब्जे में लेकर पूछताछ कर रही है। रामनगीना यादव के परिवार के सदस्य रात को खाना खाकर सो रहे थे। इसी बीच लगभग पांच की संख्या में हथियारों से लैस डकैतों ने घर पर धावा बोल दिया। परिवार वालो को आतंकित कर हथियार की नोक पर बदमाशों ने सभी को बंधक बना लिया। इसके बाद लूटपाट करने लगे। महिलाओं के चीखने चिल्लाने पर आस-पास के लोग पहुंच गए। ग्रामीणों को आते देख डकैत हवा में गोली चलाते हुए भागने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने एक डकैत को पकड़ लिया।

पुलिस डकैतों के अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है। एसओ बाल मुकुंद समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई है। एक महिला द्वारा गांव के ही कुछ युवकों को फर्जी मामले में फंसाए जाने का विरोध करते हुए काफी संख्या में महिलाएं थाना परिसर में पहुंच गईं।

इस पर पुलिस ने इन सभी को लाठी से दौड़ाकर खदेड़ दिया। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान थाना क्षेत्र डिहवां गांव की कई महिलाएं गिरने से चोटिल हो गईं। डिहवां गांव में तीन दिन पूर्व रात में कुछ युवकों द्वारा दूसरे बस्ती के एक युवक की पिटाई कर दी गई। उसी बस्ती की एक महिला ने युवक को पीटने वाले युवकों के विरुद्ध कई तरह के आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थीं।

इसके बाद आरोपित युवकों की तलाश करते हुए उसके घर तक पहुंच गई। इससे  ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। इसके बाद काफी संख्या में पुरुष व महिलाएं इसके विरोध में थाना परिसर में पहुंच गए। इस दौरान न तो किसी के चेहरे पर मास्क था  और न ही शारीरिक दूरी के नियमों का ही पालन किया जा रहा था। इसे देख कर पुलिस का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। पुलिस ने सभी को दौड़ा लिया। इससे भगदड़ मच गई। प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि सैंकडों की संख्या में महिलाएं व पुरुष बगैर मास्क लगाए व शारीरिक दूरी के नियमों की अनदेखी करते हुए थाना परिसर में पहुंच गए थे। इसीलिए उन्हें भगाया गया।

First Published on: July 23, 2020 12:05 PM
Exit mobile version