बलिया गोलीकांड: रिमांड के दौरान पुलिस ने रिवाल्वर बरामद की, धीरेन्द्र ने फिर कहा- आत्मरक्षा में चलाई थी गोली

Ritesh Mishra Ritesh Mishra
उत्तर प्रदेश Updated On :

बलिया। बलिया जिले के रेवती थाना अंतर्गत दुर्जनपुर हत्‍याकांड के मुख्‍य आरोपी धीरेन्द्र की निशानदेही पर पुलिस ने हत्‍या में प्रयुक्त रिवाल्वर शुक्रवार को बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, धीरेन्द्र ने रिवाल्वर को घटना के बाद गांव में ही एक पेड़ के नीचे गाड़ दिया था।

पुलिस के मुताबिक, धीरेन्द्र सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसने आत्मरक्षा में गोली चलाई। उसने पुलिस को बयान दिया है कि अक्टूबर को राशन की सरकारी दुकान के चयन के दौरान उसके सामने दूसरे पक्ष के लोग घर के बुजुर्ग लोगों को पीट रहे थे। इस दौरान गोली चलने से जय प्रकाश पाल उर्फ गामा पाल की मौत हो गई थी। हथियार की बरामदगी के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट को भी जोड़ा गया है।

गौरतलब है कि दुर्जनपुर ग्राम में जय प्रकाश पाल की हत्या के मामले में मुख्य अभियुक्त धीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ डब्ल्यू सिंह को सीजेएम रमेश कुशवाहा के आदेश के अनुसार 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से 24 अक्टूबर को सुबह 10 बजे तक पुलिस हिरासत में रखा गया है।

धीरेन्द्र ने पूछताछ के दौरान कहा कि जय प्रकाश पाल एवं दूसरे पक्ष के लोग उसके परिवार के बुजुर्गों एवं महिलाओं की पिटाई कर रहे थे, जिसके बाद उसने आत्मरक्षा में गोली चलाई। शनिवार को धीरेन्द्र की पुलिस रिमांड ख़त्म हो रही है।

 



Related