बस्ती: स्कूल गईं तीन छात्राएं रहस्यमय ढंग से लापता, ‘लव जिहाद’ का आरोप, गांव में तनाव

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
उत्तर प्रदेश Updated On :

उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ऐसी घटना घटी जिसने न केवल तीन परिवारों की नींद उड़ा दी है, बल्कि पूरे इलाके में सांप्रदायिक संवेदनशीलता बढ़ा दी है। संत कबीर शंकर दास इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली तीन छात्राएं (दो कक्षा 11 और एक कक्षा 7) रहस्यमय तरीके से लापता हो गई हैं। घटना के 24 घंटे बाद भी सुराग न मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने इसे ‘लव जिहाद’ की साजिश करार देते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है।

मोहम्मद नगर गांव की ये तीनों छात्राएं मंगलवार सुबह नियत समय पर स्कूल के लिए निकली थीं। शाम तक जब वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। विद्यालय प्रबंधन से संपर्क करने पर भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। छात्राओं के लापता होने की खबर जंगल की आग की तरह फैली और देखते ही देखते गांव में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

क्षेत्रीय ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके की 70 प्रतिशत आबादी गैर-समुदाय की है, और इसी का फायदा उठाकर छात्राओं को बहला-फुसलाकर गायब किया गया है। ग्रामीणों ने इसे जिले में बढ़ रहे ‘लव जिहाद’ के मामलों से जोड़ते हुए पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोनहा थाने के साथ-साथ कई थानों की फोर्स को अलर्ट पर रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से बातचीत कर उन्हें न्याय का आश्वासन दिया। पुलिस की सर्विलांस टीम सक्रिय हो गई है। जांच में कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर सामने आए हैं, जिनकी लोकेशन छात्राओं के गायब होने के समय और स्थान के आसपास पाई गई है।

डीएसपी कुलदीप यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। सर्विलांस और खुफिया तंत्र की मदद से जांच तेज कर दी गई है। कुछ संदिग्ध नंबर मिले हैं जिन पर काम किया जा रहा है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही छात्राओं को बरामद कर लिया जाएगा। शांति बनाए रखने की अपील है।

अंदेशा जताया जा रहा है कि छात्राओं को ट्रेन के जरिए जिले से बाहर ले जाया जा सकता है। इसे देखते हुए बस्ती रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख जंक्शनों पर जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) को छात्राओं के फोटो उपलब्ध करा दिए गए हैं और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।



Related