आजमगढ़ में दुकान से लौट रहे बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पवई थाना क्षेत्र के जल्दीपुर गांव में बाइक सवार बदमाशों ने बृहस्पतिवार की रात भाजपा नेता व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने उस वक़्त अर्जुन यादव को गोली मारी गैब पवई कस्बे में अपनी दूकान बंद कर घर वापस लौट रहे थे। बदमाशों की गोली से घायल यादव को स्वजन और ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों से जानकारी ली जा रही है। अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने दावा किया कि वारदात में शामिल लोगों को बहुत जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यादव की हत्या से गांव में तनाव व्याप्त हो गया। सूचना के बाद गांव में कई थानों के पुलिस बल के साथ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच की। तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पवई थाना क्षेत्र के जल्दीपुर गांव निवासी अर्जुन यादव (40) पुत्र बुधई पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC Member) थे और भारतीय जनता पार्टी से जुड़े थे। उन्होंने पवई चैराहे पर पतंजलि की दुकान खोल रखी थी। बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर वह रोज की तरह बाइक से घर लौट रहे थे। अभी वह कुछ दूर पहुुंचे थे कि पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मारी दी।

सीने में दो गोली लगने के बाद अर्जुन यादव मौके पर ही गिर गए। गोली चलनेे की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे, तब तक बदमाश फरार हो गए। स्थानीय लोग उन्हें पवई के एक अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें फूलपुर ट्रॉमा सेंटर लाया गया लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने भर्ती नहीं किया। लोग घायल हालत में अर्जुन को लेकर मंडलीय जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

First Published on: October 9, 2020 2:02 PM
Exit mobile version