भाजपा सांसद वरुण गांधी ने बाढ़ के हालात को लेकर की योगी सरकार की आलोचना

उत्तर प्रदेश में स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए सेना ने मोर्चा संभाला लिया है।

लखनऊ। उत्तराखंड और केरल के बाद अब उत्तर प्रदेश में बारिश कहर बरपा रही है। जहां मूसलाधार बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी ने लखीमपुर खीरी और पीलीभीत जिलों में तबाही मचा दी है। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए सेना ने मोर्चा संभाला लिया है।

जिन हालातों को देखते हुए भाजपा सांसद वरुण गांधी ने अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र पीलीभीत में भारी बारिश के कारण आई जबरदस्त बाढ़ को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर सोशल मीडिया के जरिए हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी को उसके हाल पर ही छोड़ दिया जाएगा तो फिर सरकार का क्या मतलब है।

वरुण ने ट्वीट किया, “तराई का ज्यादातर इलाका बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है। बाढ़ से प्रभावित लोगों को सूखा राशन उपलब्ध कराया है ताकि इस विभीषिका के खत्म होने तक कोई भी परिवार भूखा ना रहे। यह दुखद है कि जब आम आदमी को प्रशासनिक तंत्र की सबसे ज्यादा जरूरत होती है तभी उसे उसके हाल पर छोड़ दिया जाता है। जब सब कुछ अपने आप ही करना है तो फिर सरकार का क्या मतलब है।”

पीलीभीत में शारदा नदी की बाढ़ के कारण फसे 500 से ज्यादा ग्रामीणों को बाहर निकालने के लिए प्रशासन ने बुधवार को सेना की मदद ली थी। क्षेत्रीय भाजपा सांसद वरुण गांधी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बाढ़ के कारण फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की थी।

First Published on: October 22, 2021 11:15 AM
Exit mobile version