चित्रकूट में मवेशियों को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 20 लोग घायल


चित्रकूट। यूपी के चित्रकूट जिले में राजापुर थाना क्षेत्र के तीरमऊ गांव में रविवार शाम आवारा मवेशियों को लेकर हुई कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया, जिसमें 20 लोग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

राजापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि आवारा मवेशियों को खेत में हांकने को लेकर मनीष त्रिपाठी और सूर्यबली त्रिपाठी के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद सूर्यबली पक्ष के 10 लोगों ने मनीष पक्ष के दो लोगों को लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया, जिसके बाद मनीष पक्ष के 7 लोग पहुंचे और सूर्यबली पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि इस हमले में दोनों पक्षों के 20 लोग घायल हुए हैं और दोनों पक्षों के 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घायलों में से तीन लोगों की हालत गंभीर है। सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।

उन्होंने बताया कि एक माह पूर्व दिसंबर में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद 22 लोगों को शांति भंग करने के आरोप में पाबंद किया गया था। मामले की जांच की जा रही है।



Related