गन्ने के खेत में खींचकर दबंगों ने व्यक्ति को मारी गोली, गंभीर

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बौंडी थाना अंतर्गत भदवनी सोमवार की सुबह बदमाशों ने शौच करने गए व्यक्ति को गोली मार दी। बदमाशों ने व्यक्ति को गन्ने के खेत में घसीटकर गोलियां मारी। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि व्यक्ति खून से लथपथ खेत में पड़ा है। पुलिस ने बताया कि घायल की पहचान रामनरेश (55) के रूप में की गई है।

गांव के लोग घायल रामनरेश को लेकर अस्पताल पहुंचे। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया गया है और हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बौंडी थाना क्षेत्र के भदवानी निवासी 55 वर्षीय रामनरेश सिंह सुबह खेत गए हुए थे।

लगभग आठ बजे पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने उन्हें गन्ने के खेत में खींच ले गए, जहां उन्हें तीन गोलियां मारी गई। फायरिंग की आवाज सुनकर अन्य लोग खेत की तरफ दौड़े। इसकी सूचना गांव में उनके परिवारजनों को भी दी गई। घायल रामनरेश को सीधे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत बेहद नाजुक बनी है। मौके से पुलिस ने खोखे बरामद किया है।

थानाध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे ने बताया कि घायल के होश आने पर ही आरोपियों की पहचान हो सकेगी। परिवारजनों ने कुछ नाम बताएं हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे घटना की जांच हो रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

First Published on: October 26, 2020 11:23 AM
Exit mobile version