नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ धरना दे रहे किसानों के खिलाफ मामला दर्ज

विभिन्न मांगों को लेकर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ धरना दे रहे किसान नेता सुखबीर खलीफा समेत 1,000 से अधिक लोगों के खिलाफ सोमवार रात को मामला दर्ज किया गया है।

नोएडा। विभिन्न मांगों को लेकर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ धरना दे रहे किसान नेता सुखबीर खलीफा समेत 1,000 से अधिक लोगों के खिलाफ सोमवार रात को मामला दर्ज किया गया है। इसमें 20 से अधिक किसान नेता नामजद हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को 1,000 से अधिक किसान हरौला बारात घर से निकलकर प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने हंगामा किया, पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधक तोड़ दिए और सड़क पर जाम लगा दिया। इस मामले में किसान नेता सुखबीर खलीफा समेत 1,000 से अधिक लोगों पर मामला दर्ज हुआ है।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए किसान नेता सुखबीर खलीफा ने कहा कि प्राधिकरण अधिकारियों ने किसानों की कोई मांग अपनी बोर्ड बैठक में नहीं रखी जबकि किसान 28 दिन से लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब किसानों का सब्र का बांध टूट रहा है। खलीफा ने चेतावनी दी कि आने वाले सोमवार को किसान फिर यहां आएंगे।

नोएडा विकास प्राधिकरण के खिलाफ किसानों का आंदोलन 28 दिन से चल रहा रहा है। बढ़ी हुई दर से मुआवजा देने, समस्याओं का निस्तारण करने समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नोएडा के 81 गांवों के किसान प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन में महिलाएं व बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हैं।

First Published on: September 28, 2021 12:57 PM
Exit mobile version