लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना के दौर में आर्थिक गतिविधियों की बहाली के लिए औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना आवश्यक है। इसके लिए सेक्टोरल नीतियों का आवश्यकतानुसार सरलीकरण किया जाए। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए उद्योगों की स्थापना के लिए भूमि की पर्याप्त उपलब्धता आवश्यक है। इस उद्देश्य से राजस्व तथा औद्योगिक विकास विभाग लैंड बैंक स्थापना की कार्ययोजना बनाते हुए उसे लागू करने का काम करें।
उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ ही अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को टीम 11 के अफसरों के साथ समीक्ष बैठक लोक भवन में की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रवासी कामगार और श्रमिक किसी भी दशा में पैदल न आएं, उनके लिए वाहन उपलब्ध करवाए जाएं और सम्मान के साथ घर पहुंचाया जाए। सभी प्रवासी कामगारों व श्रमिकों की स्क्रीनिंग कर उन्हें क्वारंटीन किया जाए। अस्वस्थ होने की दशा में इनके उपचार की व्यवस्था की जाए। उन्होंने प्रवासी श्रमिकों व कामगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए वृहद कार्ययोजना बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में रह रहे अन्य राज्यों के श्रमिकों व कामगारों को उनके गृह प्रदेश भेजने के लिए संबंधित राज्य को ऐसे श्रमिकों व कामगारों की सूची उपलब्ध कराई जाए। निर्देश दिया कि दुकानों, मंडियों, बैंक शाखाओं आदि में शारीरिक दूरी का सख्ती से पालन कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी लोग मास्क अवश्य पहनें। गांव तथा शहर में सर्विलांस कार्य को और प्रभावी करने के लिए निगरानी समितियों को सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के द्वारा निगरानी समितियों के सदस्यों से संवाद जारी रखा जाए। साथ ही निर्देश दिए कि आगरा, मेरठ और कानपुर नगर में लॉकडाउन को कड़ाई से लागू किया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि प्रदेश में बड़ी संख्या में प्रवासी कामगार व श्रमिक आ रहे हैं। इसके दृष्टिगत क्वारंटीन की क्षमता को बढ़ाया जाए। कम्युनिटी किचन व्यवस्था को और बेहतर बनाते हुए सभी के लिए पर्याप्त भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। यह सुनिश्चित हो कि कोई भी भूखा न रहे। इसके साथ ही क्वारंटीन सेंटर व आश्रय स्थल पर साफ-सफाई तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी नर्सिंग होम कोविड-19 के संक्रमण से सुरक्षा संबंधी स्वास्थ्य विभाग के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएं। साथ ही सभी जिलों में आवश्यकतानुसार वेंटीलेटर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। चिकित्सालयों में पीपीई किट, मास्क और सैनिटाइजर की पर्याप्त उपलब्धता एवं समुचित वितरण सुनिश्चित कराया जाए। कोविड अस्पतालों की संख्या में वृद्धि करते हुए एल-1, एल-2 तथा एल-3 कोविड चिकित्सालयों में एक लाख बेड की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से कोविड अस्पतालों के मरीजों के स्वास्थ्य लाभ की जानकारी प्राप्त की जाए। सीम योगी ने पूल टेस्टिंग में वृद्धि करने के निर्देश भी दिए।