गाजीपुर/बलिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित गाजीपुर और बलिया जिले का दौरा किया और कहा कि राज्य के 24 जिलों के 600 से अधिक गांव बाढ़ से प्रभावित हैं और अधिकारियों को युद्ध स्तर पर लोगों की मदद करने के निर्देश दिये गये हैं।
हर जरूरतमंद तक पहुंचेगी मदद, यह संकल्प है।
आज जनपद गाजीपुर में… pic.twitter.com/sP3cD5U38q
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 13, 2021
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि तथा सरकारी अधिकारी व कर्मचारी संयुक्त रूप से बाढ़ प्रभावित जनता के लिए राहत प्रदान करने का काम कर रहे हैं। पशुओं की सुरक्षा और चारे की व्यवस्था भी युद्ध स्तर पर करने को कहा गया है।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया में पत्रकारों से कहा कि बलिया जिले में गंगा, टोंस व सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने व बाढ़ से 112 गांव की करीब सवा लाख आबादी प्रभावित है।
जनपद गाजीपुर में पत्रकार वार्ता… https://t.co/aLRk5aOWWd
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 13, 2021
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से दस-दस किलो चावल, आटा, चना, मिर्च, नमक आदि मुहैया कराया जा रहा है। साथ ही अन्य जरूरतों का भी ख्याल रखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि विस्थापित लोगों के लिए शिविर स्थापित किए गए हैं।