दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास का घेराव करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मॉल एवेन्यू स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस बीच कांग्रेस कार्यालय का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा, जिसमें महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में लाठी लेकर नारेबाजी करती दिखाई दीं।
कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से निकलकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं धरना देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड पार करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। बाद में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से मौके से हटाया गया। हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
अजय राय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। कांग्रेस ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और विपक्षी नेताओं की हिरासत को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की।
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच संभावित टकराव की आशंका को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। उस दौरान खबर थी कि बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेंगे। इस पर अजय राय ने कहा कि अगर भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन करने आएंगे तो उनका ‘इलाज’ किया जाएगा।
