कांग्रेस स्थापना दिवस पर यूपी में ‘कांग्रेस संदेश यात्रा रोकी’, कई जिलों में लाठीचार्ज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मौजूद पुलिस अधिकारियों से रोके जाने का कारण बताने व आदेश दिखाने की बात करते रहे। पुलिस अधिकारी न तो कोई कारण बता पाये और न ही शासन का कोई आदेश दिखा पाये और यही कहते रहे कि आप माल्यार्पण के लिए प्रतिमा स्थल तक नहीं जा सकते, ऊपर का आदेश है।

लखनऊ। कांग्रेस स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार ‘लल्लू’ के नेतृत्व में निकली ‘कांग्रेस संदेश यात्रा’ को लखनऊ पुलिस ने बीच में ही रोक दिया। कांग्रेस की यह यात्रा हजरतगंज के जीपीओ पार्क स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जा रही थी।

कांग्रेस मुख्यालय से निकलते ही वहां पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने यात्रा को रोक दिया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का माल्यार्पण नहीं करने दिया। पदयात्रा रोके जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू एवं वरिष्ठ नेताओं की पुलिस से नोंक-झोंक व बहस हुई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मौजूद पुलिस अधिकारियों से रोके जाने का कारण बताने व आदेश दिखाने की बात करते रहे। पुलिस अधिकारी न तो कोई कारण बता पाये और न ही शासन का कोई आदेश दिखा पाये और यही कहते रहे कि आप माल्यार्पण के लिए प्रतिमा स्थल तक नहीं जा सकते, ऊपर का आदेश है। इसके उपरान्त सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन प्रदेश कार्यालय पर उपवास पर बैठ गये।

कांग्रेस स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को पूरे प्रदेश में योगी सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जी ने ट्वीट कर कहा कि – ‘‘कांग्रेस पार्टी की नसों में आजादी के आन्दोलन एवं किसानों-मजदूरों के आन्दोलन का रक्त बहता है। हमारे स्थापना दिवस पर यूपी में हमें महापुरुषों का माल्यार्पण करने, संदेश यात्रा निकालने से रोका जा रहा है। नेताओं, कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार, नजरबंद किया जा रहा है। ये लोकतंत्र की हत्या है।”

कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस पर कांग्रेस ने हर विधानसभा में कांग्रेस संदेश पदयात्रा का आयोजन किया था किन्तु प्रदेश की योगी सरकार के इशारे पर प्रदेश की पुलिस ने कई जिलों में कांग्रेस संदेश यात्राएं निकालने से रोकीं।

कई जिलों में कांग्रेसजनों को पुलिस ने हिरासत में लिया और गिरफ्तार किया। जौनपुर, इलाहाबाद, गौतमबुद्धनगर, गोरखपुर, प्रयागराज समेत कई जिलों में पदयात्रियों को पुलिस द्वारा रोका गया और गिरफ्तारियों की गयी। गाजियाबाद में पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

यूपी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस का स्थापना दिवस परम्परागत तरीके से मनाया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कांग्रेस की 136वीं वर्षगांठ पर सभी कांग्रेसजनों को बधाई देते हुए कहा कि-

“आज का दिन हम सबके लिए बहुत ही गर्व का दिन है। आजादी के आन्दोलन से लेकर स्वतंत्रता के बाद महात्मा गांधी, इन्दिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे महापुरूषों ने अपने खून से इस देश की मिट्टी को सींचा है। नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना आजाद सरीखे नेताओं ने इस देश के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान दिया। कांग्रेस की शानदान विरासत और उसके ऐतिहासिक कार्यों से राष्ट्र आज विश्व पटल पर स्थापित है।”

उन्होंने कहा कि आज कुछ लोकतंत्र विरोधी शक्तियां संविधान, संवैधानिक संस्थाओं को कुचलना चाहती हैं। अपने अधिकारों के लिए जब कोई आवाज उठाता है तो उस पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाता है। देश का किसान आज दिल्ली के बार्डर पर अपने अधिकारों के लिए डटा है और जान दे रहा है।

योगी जी गाय माता को गुड़, चना और रोटी खिलाकर फोटो खिंचाते हैं और वायरल करते हैं लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि प्रदेश की गौशालाओं में योगी सरकार की भ्रष्टाचारी नीति, उदासीनता और गाय माता के खाने-पीने और रखरखाव की उचित व्यवस्था न होने से भूख व ठंड से गाय माता मर रही हैं।

कमोवेश पूरे प्रदेश में जितने भी गौशालाएं हैं सब भ्रष्टाचार की चपेट में हैं। हमने जब गाय बचाओ-किसान बचाओ पदयात्रा निकाली तो योगी जी ने पुलिस द्वारा पदयात्रा रूकवाकर कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की गयी। ललितपुर से पुलिस ने मुझे लखनऊ लाकर घर में कैद कर दिया और भारी पुलिस की नाकेबन्दी कर दी है।

योगी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। संवैधानिक अधिकारों का हनन कर रही है। कांग्रेसजनों ने गाय माता को बचाने और किसानों को बचाने का संकल्प लिया है। हम डरेंगे नहीं, तानाशाही से लड़ेंगे। भाजपा की लेाकतंत्र विरोधी मानसिकता को जन-जन तक पहुंचायेंगे।

First Published on: December 28, 2020 6:47 PM
Exit mobile version