प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसे में FIR दर्ज, सपा नेता अंसार अहमद समेत 7 नामजद और 5 अज्ञात शामिल

प्रयागराज में गंगानगर जोन के फाफामऊ में सोमवार को कोल्ड स्टोरेज में हुए हादसे के मामले में पुलिस ने 7 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ फाफामऊ थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। इस FIR में यूपी के पूर्व मंत्री व सपा नेता अंसार अहमद, अंसार के बेटे, मैनेजर उस्मान, मोहम्मद असलम बाबा, अलावदीन, जावेद और मोहम्मद इरफान को नामजद किया गया है।

पुलिस ने इनके अलावा 4 से 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है। इन पर बीएनएस की हत्या की धारा समेत 6 अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में भी लिया है, इन सभी से पूछताछ की जा रही है।

फाफामऊ के चंदापुर में कोल्ड स्टोरेज हादसे में अभी तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 14 लोग घायल हुए है, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इस हादसे के 18 घंटे बाद भी घटना स्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड बचाव राहत कार्य में जुटी हुई है। लगातार कोल्ड स्टोरेज के मलबे को हटाया जा रहा है।

इस हादसे के बाद मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस और प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौजूद हैं। रेस्क्यू टीम द्वारा अमोनिया गैस का रिसाव अब बंद कर दिया गया है। लेकिन, इसके बावजूद कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया लीकेज के बाद लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। अभी भी कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलने की उम्मीद है।

बता दें कि प्रयागराज में दोपहर क़रीब दो बजे एक जर्जर कोल्ड स्टोरेज का हिस्सा अचानक गिर गया था, जिसके बाद स्टोरेज से अमोनिया गैस का भी रिसाव शुरू हो गया, जिसके चलते आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई थी। इस घटना के बाद इलाके में फैले कोल्ड स्टोरेज और कारखानों की सुरक्षा को लेकर कई तरह के सवाल भी खड़े हो गए हैं।

First Published on: March 24, 2026 10:04 AM
Exit mobile version