पहले पैसे लिए, फिर बहन को प्रेम जाल में फंसाया, अब पैसे वापस मांगने पर अधिकारी जान से मारने की दे रहा धमकी


गुप्ता ने आरोप लगाया है कि दुकान पर आने-जाने के दौरान शर्मा ने उसकी बहन को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी के सपने दिखाए और अब धन वापस करने के लिए ज्यादा जोर डालने पर अधिकारी ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी है।



संभल। एक शख्स पहले  एक दुकानदार से पैसे उधार लेता है, फिर दुकानदार की बहन को अपने प्रेम जाल में फंसाता है और फिर पैसे वापस मांगने देने वाले को ही जान से मारने की धमकी दे रहा है। यह कोई और नहीं है यह  है यूपी के संभल जिले का जिला सूचना अधिकारी संजय शर्मा।

पुलिस के अनुसार सम्भल जिले के बहजोई इलाके में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के खिलाफ जान से मारने की धमकी, धोखाधड़ी और षड़यंत्र रचने के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बहजोई थाना क्षेत्र निवासी व्यापारी रवि गुप्ता ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह अपनी बहन निशा के साथ दुकान संचालित करते हैं। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी संजय शर्मा कुछ समय से उसकी दुकान पर आने लगे। जान-पहचान बढ़ने पर शर्मा ने कुछ वक्त पहले उनसे दो लाख रुपये उधार मांगे, जो उन्हें दे दिए गए।

गुप्ता का कहना है कि जब उन्होंने वह रकम वापस मांगी तो शर्मा ने टालमटोल शुरू कर दी। गुप्ता ने आरोप लगाया है कि दुकान पर आने-जाने के दौरान शर्मा ने उसकी बहन को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी के सपने दिखाए। धन वापस करने के लिए ज्यादा जोर डालने पर अधिकारी ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी है।

उन्होंने बताया कि गुप्ता की तहरीर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी संजय शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी तथा जान से मारने की धमकी और षडयंत्र रचने के आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।