प्रतिबंध के बावजूद पटाखे बेचते पांच लोग गिरफ्तार

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रोक के बावजूद पटाखे बेचने के आरोप में पुलिस ने को पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा, एनसीआर के उन शहरों में शामिल हैं, जहां राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने बिगड़ती वायु गुणवत्ता के मद्देनजर पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह पाबंदी लगा रखी है।

पुलिस ने कहा कि नॉलेज पार्क इलाके से पटाखों के 39 कार्टन जब्त किये गए जिनकी अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये है। यहां दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘गिरफ्तार लोगों की पहचान विजय सैनी और काशिफ के रूप में हुई है। दोनों बुलंदशहर जिले के निवासी हैं।’

प्रवक्ता ने कहा कि एक आरोपी को सूरजपुर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। उसकी पहचान सतेन्द्र चंद के रूप में हुई है। उसके पास से पटाखों से पूरी तरह भरे दो कार्टन बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 55,000 रुपये है।

अधिकारी ने कहा कि इसके अलावा एक आरोपी साजिद सैफी को फेस-2 थाना इलाके से जबकि अखिलेश पाल नामक आरोपी को नोएडा सेक्टर 22 से गिरफ्तार किया गया।

First Published on: November 15, 2020 12:23 PM
Exit mobile version