बिकरू कांड के 5 साल बाद मीडिया के सामने आईं विकास दुबे की पत्नी ऋचा, खुशी दुबे पर बड़ा खुलासा

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
उत्तर प्रदेश Updated On :

उत्तर प्रदेश के कानपुर में चर्चित बिकरू कांड के विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे आज अचानक पांच साल बाद मीडिया के सामने आईं, जिसमें उन्होंने खुशी दुबे पर परिवार को बदनाम करने का आरोप लगाया है। ऋचा ने आरोप लगाया कि विकास ही खुशी को बचा के लाए थे और वो विकास पर ही गलत आरोप लगा रही है। यही नहीं उन्होंने खुशी के ‘दुबे’ होने पर ऐतराज जताया और कहा कि उसकी तीन शादियां हुई हैं।

ऋचा दुबे ने विकास दुबे पर बन रही फिल्म पर रोक लगाने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। आरोप लगाया कि कहानी से छेड़छाड़ की गई है। इसके साथ ही उन्होंने अभी भी परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। ऋचा के सामने आने के बाद यह मामला अब फिर से सुर्खियों में आ गया है।

कानपुर में पत्रकारों से बात करते हुए ऋचा दुबे ने खुशी दुबे पर आरोपों की बौछार कर दी। उन्होंने कहा, “खुशी दुबे उनके मृतक पति विकास दुबे और उनके परिवार को बदनाम कर रही है। इसलिए मीडिया के सामने अपने पक्ष रखने आई हूं।”

ऋचा दुबे ने कहा, “खुशी अपने आप को खुशी दुबे बताती है जबकि वह या तो खुशी तिवारी है और या तो फिर खुशी ठाकुर। क्योंकि उसकी तीन‌ शादियां हुईं थीं, खुशी के पहले पति के बारे में जानकारी नहीं, लेकिन दूसरा पति अतुल ठाकुर था और तीसरी शादी अमर दुबे से हुई थी। खुशी जो आरोप लगा रही है कि विकास उसे उठाकर लाए थे, वो गलत है उसको ठाकुर परिवार से बचाकर लाए थे और उसमें अपनी मर्जी से अमर से शादी करी थी।”

बिकरू कांड के लिए उन्होंने कहा कि मुझे उस कांड की बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी, जो भी हुआ गलत हुआ। अगर विकास दुबे जिंदा होता तो सभी बातें सामने आतीं। ऋचा दुबे ने कहा कि वे अभी भी प्रताड़ित हो रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने बिकरू कांड पर बनी फिल्म पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि इस झूठी फिल्म के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका भी दाखिल करी है, जिसमें विकास दुबे के बारे में बहुत सी झूठी कहानी और भी कई बातें झूठी दिखाई गई हैं।



Related