
लखनऊ / संत कबीर नगर (उत्तर प्रदेश)। संत कबीर नगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का लंबी बीमारी की वजह से बुधवार रात को निधन हो गया।
त्रिपाठी के परिवार के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि उन्होंने जिगर संबंधी बीमारी के चलते हरियाणा के गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल में बुधवार की रात को अंतिम श्वांस ली।
त्रिपाठी के रिश्तेदार एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता संजय मिश्र ने बताया कि उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और दो बेटे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी के असामयिक निधन पर बृहस्पतिवार को शोक जताया और कहा कि उन्हें समाज की सेवा और गरीबों के लिए काम करना पसंद था।
उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर से सांसद रहे त्रिपाठी का बुधवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। 50 वर्षीय त्रिपाठी लंबे समय से जिगर की बीमारी से ग्रस्त थे।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘‘शरद त्रिपाठी के असामयिक निधन ने मुझे और कई अन्य लोगों को दुखी कर दिया है। उन्हें समाज की सेवा करना और गरीबों के लिए काम करना पसंद था। संत कबीर दास के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए उन्होंने कई अनूठे काम किए। उनके परिजनों और समर्थकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।’’
Shri Sharad Tripathi’s untimely demise has left me as well as many others saddened. He loved serving society and working for the downtrodden. He made unique efforts to popularise the ideals of Sant Kabir Das Ji. Condolences to his family and supporters. Om Shanti.
— Narendra Modi (@narendramodi) July 1, 2021
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में संत कबीर नगर से लोकसभा का चुनाव जीतकर संसद पहुंचने वाले शरद त्रिपाठी के पिता रमापति राम त्रिपाठी उत्तर प्रदेश के देवरिया से सांसद हैं। वह उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।