
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। जिले के कासिमाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।
ओमप्रकाश राजभर ने बताया, 14 मई को कासिमाबाद जाते समय परजीपाह गांव के समीप दिन में 12.20 बजे के करीब उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन उठाने पर कोई व्यक्ति अपशब्द कहते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। पहले भी उन्हें और उनके बेटे को धमकी मिल चुकी है।
ओमप्रकाश राजभर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण और दिव्यांग जन कल्याण मंत्री थे, जिन्हें बर्खास्त कर दिया गया था। राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 4 विधायक वर्तमान में विधानसभा में मौजूद है। कासिमाबाद के थानाध्यक्ष ने बताया, राजभर की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।