गाजियाबाद। नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज, मकनपुर, गाजियाबाद ने अपनी रजत जयंती मनाई, जहां गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल ने विजय फाउंडेशन की संस्थापक-ट्रस्टी ममता शुक्ला को समाज के हाशिए पर पड़े वर्ग के लिए उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।
नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज, मकनपुर ने अपने 25 साल पूरे होने पर रजत जयंती समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत से हुई, जिसमें छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को और रंगीन बना दिया।
महापौर ने छात्राओं द्वारा प्रदर्शित हैंड-मेड वस्तुओं और तकनीकी प्रोजेक्ट्स की प्रशंसा की, यह कहते हुए कि नगर निगम के विद्यालय अब प्राइवेट स्कूलों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा, “नगर निगम के विद्यालयों की तुलना अन्य स्कूलों से करने पर हमारी बालिकाएं कहीं भी कम नहीं पड़तीं।”
महापौर ने यह भी बताया कि यह विद्यालय 25 वर्ष पूर्व एक पेड़ के नीचे से आरंभ हुआ था और आज यह सामाजिक सहयोग और मेहनत के बलबूते इस मुकाम पर पहुँचा है। उन्होंने विद्यालय को भविष्य में सभी मूलभूत सुविधाओं से लैस करने का आश्वासन दिया।
विद्यालय की प्राचार्य अनिता वशिष्ठ ने स्कूल की यात्रा और उपलब्धियों को साझा करते हुए महापौर को सुझाव दिया कि बालिकाओं द्वारा बनाए गए हैंड-मेड उत्पादों की प्रदर्शनी लगाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।