पटाखों से झुलसी सांसद रीता बहुगुणा जोशी की पोती का निधन


प्रयागराज। प्रयागराज से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी की इकलौती पोती 6 साल की किया का सोमवार देर रात निधन हो गया। सोमवार को दोपहर किया छत पर पटाखे से झुलस गई थीं। प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी और उनके पति के साथ किया के कोरोना संक्रमण का कुछ दिन पहले ही गुरुग्राम के मेदांता में इलाज हुआ था।

सांसद के करीबी मनु कक्कड़ ने बताया कि सोमवार को दोपहर में किया दो-तीन बच्चों के साथ पटाखे जला रही थी। इस दौरान वह आग से झुलस गई और उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात 2-3 बजे उसकी मृत्यु हो गई।

रीता बहुगुणा जोशी के मीडिया प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने बताया कि सांसद के बेटे मयंक घटना के समय लखनऊ में थे और किया को इलाज के लिए दिल्ली ले जाने के वास्ते उन्होंने एयर एंबुलेंस बुक किया था और वह स्वयं दिल्ली चले गए। किया को आज दिल्ली ले जाना था।

उन्होंने बताया कि किया की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद मयंक प्रयागराज के लिए फ्लाईट से निकल चुके हैं और उनके यहां पहुंचने पर दारागंज में किया का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

शुक्ला ने बताया कि सांसद रीता बहुगुणा जोशी दीपावली से पूर्व से ही शहर में मौजूद हैं और पूरा परिवार इस घटना से अत्यंत दुखी है।



Related