उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। एयरपोर्ट की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उधर, भाजपा नेताओं की तरफ से उद्घाटन समरोह में दो लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर पंडाल आदि लगाए जा रहे है।
बिजली, पानी से लेकर पॉर्किंग की व्यवस्था दुरस्त की जा रही है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की तरफ से होटलों को बुक किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेहमानों को कोई परेशानी न हो।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एयरपोर्ट का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए थे। दरअसल, कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की सुरक्षा के एसपीजी समेत अन्य फोर्स भी आएंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए वीवीआईपी, वीआईपी भी आएंगे। जिनमें उत्तर प्रदेश के पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के अलावा भाजपा के दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो सके, इसके लिए अन्य जिलों से पुलिस अधिकारी और कर्मी भी बुलाए गए है। साथ ही एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह के दौरान भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इसी को देखते हुए होटलों में भी उनके ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।
सूत्रों ने दावा किया है कि उद्घाटन समारोह को देखते हुए सभी कोतवाली प्रभारियों को होटल में कमरे की बुकिंग करने के निर्देश दिए गए है। यमुना क्षेत्र के अलावा ग्रेटर नोएडा के होटलों में भी उनके रहने की व्यवस्था की जा रही है। माना जा रहा है कि उद्घाटन समारोह में शामिल होने वाले वीवीआईपी और वीआईपी को ठहराया जाएगा। सीनियर अधिकारी लगातार कार्यक्रम की समीक्षा कर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
