उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मंगलवार रात एम्स थाना क्षेत्र के सिक्टौर के पास रामपुर चौराहे पर उस समय हडकम्प मच गया, जब अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आकर सड़क पर टहल रहे 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और दो की मौत हो गई। घायलों को एम्स पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
मृतक में अलाव ताप रहे दो लोगों समेत स्कॉर्पियो चालक शामिल है। मृतकों की पहचान एम्स थानक्षेत्र के रामपुर गांव निवासी भगवान दास (40 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रामानंद, प्रिंस (15 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मोहित व कार चालक संजय सिंह (58 वर्ष) की मौत हो गई। घायलों में अमर पुत्र गंगा, जितेंद्र पुत्र राममिलन, हिमांशु (10 वर्ष) पुत्र जितेंद्र और दीपू का नाम शामिल है। डॉक्टरों ने घायलों की हालत भी गंभीर बताई है।
घटना मंगलवार 7 जनवरी की रात 8:15 बजे की है। लोगों ने बताया कि रात के समय रामपुर चौराहे के पास सड़क किनारे एक दुकान के पास काफी लोग खड़े होकर अलाव ताप रहे थे। इस दौरान एक स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में आई। स्कॉर्पियो ने पहले सड़क किनारे गुमटी पर टक्कर मारी। इसके बाद आस-पास खड़े 5-6 लोगों को कुचल दिया।
हादसे में बाद आस-पास के लोग दौड़कर पहुंचे। घायल लोगों को पुलिस की मदद से एम्स भिजवाया। जहां पर दो लोगों की मौत हो गई। 4 गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार एक युवक की पब्लिक ने पिटाई की। इसके बाद एक कमरे में उसे बंद कर दिया। गाड़ी में दो लोग सवार थे। उन्हें भी काफी चोट आई है। स्कॉर्पियो में शराब की बोतल और गिलास मिले हैं। स्कार्पियो सवार सभी के शराब की नशे में होने का अंदेशा है।
एम्स थाने की पुलिस और अधिकारी भी वहां पहुंचकर जांच पड़ताल कर रहे हैं। नाराज लोगों ने स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर सड़क पर ही पलट दिया है।
