मानव कल्याण और गरीब की सेवा सबसे बड़ा धर्म है : जितेंद्र तिवारी

गरीबों और असहायों की सेवा करना ईश्वर की सेवा करना है और सबसे बड़ा धर्म दरिद्र नारायण की सेवा ही होती है।

प्रयागराज। ‌इफको के ई-बाजार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीके श्रीवास्तव तथा इफको अधिकारी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने प्रयागराज के नैनी तथा संगम क्षेत्र में गरीबों और असहायों को कंबल वितरण किया। इस दौरान माघ मेला क्षेत्र के नैनी तथा संगम में कुल 500 कंबल का वितरण किया गया। सबसे पहले आधारशिला वृद्ध आश्रम में लगभग 100 महिलाओं को कंबल बांटा गया।

तिवारी ने इस मौके पर कहा कि गरीबों और असहायों की सेवा करना ईश्वर की सेवा करना है और सबसे बड़ा धर्म दरिद्र नारायण की सेवा ही होती है। प्रबंध निदेशक डॉक्टर यूएस अवस्थी के निर्देश पर इफको का विपणन विभाग तथा प्लांट की हर इकाइयों द्वारा गरीबों और असहायों को ग्रामीण तथा नगर के इलाके में कंबल वितरण का कार्यक्रम लगभग महीने भर से चल रहा है।

इसी क्रम में टीकरमाफी के संत हरि चैतन्य ब्रह्मचारी के माघ मेला आश्रम में लगभग 100 संन्यासियों और गरीबों तथा असहायों के बीच कंबल वितरण किया गया। जिसमें इफको अधिकारी संघ के फूलपुर इकाई के अध्यक्ष संजय मिश्रा महामंत्री स्वयं प्रकाश कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामसूरत पटेल तथा महामंत्री विनय यादव भी शामिल हुए।

इसी तरह नृसिंह मानव कल्याण समिति तथा बेदांग संस्थान में भी सैकड़ों गरीबों और संन्यासियों को कंबल वितरण किया गया। कंबल वितरण कार्यक्रम की व्यवस्था विपणन के ई बाजार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीके श्रीवास्तव, प्रयागराज के फील्ड ऑफिसर विवेक दीक्षित तथा हरीश चंद्र श्रीवास्तव की देखरेख में किया गया।

First Published on: January 22, 2021 1:52 PM
Exit mobile version