उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बुधवार की रात को दर्दनाक हादसा हुआ है। हादसे से शादी वाले घर में मातम पसर गया। हर तरफ चीख-पुकार मची थी। दरअसल, जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना इलाके के नौरंगिया गांव में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान बुधवार देर रात हुए हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। रस्म के दौरान कुएं का स्लैब टूटने से यह हादसा हुआ। मरने वालों में महिलाएं, किशोरी और बच्चियां शामिल हैं। एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुएं में और लोगों के होने की आशंका पर देर रात तक बचाव कार्य चलता रहा। जानकारी के मुताबिक, बुधवार की रात हल्दी के मटकोड़ की रस्म के दौरान अचानक कुएं का स्लैब टूट गया और 25 से अधिक महिलाएं, युवतियां व बच्चे भरभराकर कुएं में गिर गए। मृतकों में से दो की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद गांव में मातम छा गया।
शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस आई और आसपास के लोगों के साथ मिलकर सबको कुएं से निकाला। गांव से जिला अस्पताल तक हाहाकार मचा रहा।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि महिलाएं मटकोर में व्यस्त थी तो पुरुष खाना बनाने की तैयारी में लगे थे। इसी बीच कुएं में महिलाओं के गिरने की खबर से हर कोई उस तरफ दौड़ पड़ा। लोगों को समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करें। इसी बीच कुछ नौजवान लड़के रस्सी के सहारे कुएं में उतर गए और महिलाओं व बच्चियों को निकालना शुरू कर दिया। लोग वहां पर चीख रहे थे। परिजन अपनों को खोजने में लगे थे। कुछ ही देर में गांव में पुलिस की गाड़ी पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
परिवार की सदस्यों का कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि स्लैब टूट जाएगा। हालांकि जब लोग उस पर चढ़ रहे थे तो मना भी किया जा रहा था कि स्लैब टूट जाएगा। लेकिन लोग डांस देखने के लिए आगे कोई कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था।
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
कुशीनगर में हुए इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।’
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।
— Narendra Modi (@narendramodi) February 17, 2022
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।
हादसे की सूचना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल बचाव व राहत कार्य संचालित कराने तथा घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
जनपद कुशीनगर के ग्राम नौरंगिया स्कूल टोला की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई ग्रामवासियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है।
मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 17, 2022
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है। इसमें जिन्होंने अपनों को खोया है, उनकी इस अपूरणीय क्षति पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। साथ ही ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
— Amit Shah (@AmitShah) February 17, 2022
जिलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे में करीब 10 अन्य लोग जख्मी भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
