फतेहपुर। फतेहपुर जिले में 17 वर्षीय एक दलित लड़की से दुष्कर्म करने और उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव डालने के मामले में पुलिस ने राजू अंसारी नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक पर आरोप है कि उसने किशोरी को अपने प्रेम जाल में फंसाकर उसका अपहरण करने के बाद दुष्कर्म किया। फ़िलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
ललौली थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार तिवारी ने मंगलवार को बताया कि 17 साल की लड़की को ‘‘प्रेम जाल में फंसाकर अपहरण के बाद उससे दुष्कर्म करने और उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव डालने’’ का यह मामला चार दिन पहले सामने आया था और इस संबंध में प्राथमिकी को दर्ज कराई गई।
उन्होंने बताया, यह घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। दलित वर्ग की 17 साल की एक लड़की को दूसरे समुदाय का 23 वर्षीय युवक राजू अंसारी अपहरण कर अपने घर ले गया था और उसने उसके साथ बलात्कार किया था। किशोरी के परिजनों को शनिवार सुबह करीब छह बजे आरोपी के घर से लड़की मिली।
एसएचओ ने बताया, परिजनों ने 3/5 धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा समेत विभिन्न धाराओं के अंतर्गत रविवार को प्राथमिकी दर्ज करवाई है। तिवारी ने बताया कि अंसारी को सोमवार शाम उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया और लड़की को चिकित्सीय जांच के लिए सरकारी अस्पताल भेजा जा रहा है।
