अंतर-धार्मिक विवाह के बाद नोएडा में शख्स ने खुदकुशी की

मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर सेक्टर 24 थाने में उसकी पत्नी के माता-पिता समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में 24 वर्षीय इंजीनियर ने ससुराल वालों द्वारा कथित रूप से परेशान किए जाने की वजह से खुदकुशी कर ली। उसने दूसरे धर्म की लड़की से शादी की थी जिस वजह से ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे।

आत्महत्या करने से पहले उसने ने सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित एक कथित नोट भी साझा किया जिसमें उसने अपने ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर सेक्टर 24 थाने में उसकी पत्नी के माता-पिता समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

उसके पिता ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह नोएडा में एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करता था और शहर के सेक्टर 54 में रहता था। उसका शव शनिवार को उसके घर के पास एक पेड़ से लटका मिला था।

First Published on: December 28, 2021 10:42 AM
Exit mobile version