मेरठ। जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए 44वीं राष्ट्रीय राइफल्स के हवलदार अनिल कुमार तोमर (38) के पार्थिव शरीर का यहां बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। तोमर की पार्थिव शरीर को उनके 8 साल के बेटे लक्ष्य ने मुखाग्नि दी।
शहीद के पार्थिव शरीर का सरकारी प्रोटोकॉल के अनुसार पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। राज्य के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक सत्यवीर त्यागी, जिलाधिकारी के.बालाजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।
तोमर का पार्थिव शरीर मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे मेरठ में उनके पैतृक गांव सिसौली लाया गया। तोमर 44वीं राष्ट्रीय राइफल्स में क्यूआरटी की एक पलटन के कमांडर थे। बीते शनिवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के कनीगाम गांव में आतंकवादियों के छिपे होने की खबर मिलने पर एक ऑपरेशन चलाया गया था।
इसी बीच आतंकवादियों और सैनिकों की मुठभेड़ हो गई। आतंकियों की ओर से की गई फायरिंग में हवलदार अनिल कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए श्रीनगर स्थित 92 बेस अस्पताल भेजा गया था। जहां इलाज के दौरान उन्होंने सोमवार की सुबह अंतिम सांस ली।









