
मुरादाबाद। नावेल कोरोना वायरस से उत्पन्न कोविड-19 बीमारी का प्रकोप थम नहीं रहा। इसलिए लॉकडाउन से हाल फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। उत्तर प्रदेश में तो 15 जिलों को सील करने का फैसला किया गया है। राहत की बात यह है कि मानवता की सेवा में लगे लोग पूरी शिद्दत से लोगों तक राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं।
प्रदेश के मुरादाबाद जिले से खबर मिली हैं कि वहां पर लोग स्थानीय कालोनियों में राहत सामग्री का वितरण कर रहे हैं। स्थानीय निवासी ठाकुर सौरभ भारती ने बताया कि मेरे मित्र प्रणबीर शर्मा ने बुध विहार में अपने साथी कृष्णकांत सिंह के साथ राशन सामग्री का वितरण कराया था।
उन्होंने बताया कि गोविंद नगर के सी ब्लॉक में जरूरतमंद लोगों को भोजन सामग्री उपलब्ध कराई गई। लगभग 40 लोगों को आवश्यक उपभोक्ता वस्तुएं पहुंचाई गईं। आगे भी जरूरत पड़ने पर लोग मदद के लिए तैयार रहेंगे। मदद के लिए उन्होंने अपने साथियों का आभार जताया।
खुद सौरभ भारती भी कई दिनों से लगातार जरूरतमंदों को राशन पहुंचा रहे हैं और वह दूसरे लोगों से भी आग्रह कर रहे हैं कि इस संकट की घड़ी में लोग एकजुट होकर आसपास के लोगों की मदद के लिए आगे आएं।
इससे पहले स्थानीय बुध विहार में प्रणवीर शर्मा ने अपने खर्चे पर कई दिनों तक लगातार जीवन के लिए उपयोगी कई वस्तुएं लोगों तक पहुंचाई थी। उन्होंने पांच किलो आटा, दो किलो चावल, एक किलो दाल, आधा लीटर तेल, नहाने का साबुन, नमक, चीनी, चाय और मसाले आदि के पैकेट बनवाए और उसका जरूरतमंदों में वितरण कराया था।
करीब 100 लोगों तक यह सहायता सामग्री पहुंचाई गई थी। उन्होंने बताया कि आगे भी लोगों की मदद का प्रयास किया जाएगा। सहायता सामग्री का वितरण करने में सिविल डिफेंस के सहयोगियों और छू ले आसमान संस्था का भी सहयोग लिया गया। सामग्री को पैक कराने और बंटवाने में संभल के जिला लेखा परीक्षा अधिकारी कृष्णकांत सिंह ने भी सहयोग किया।