NCRB की रिपोर्ट: महिला अपराध में यूपी नंबर वन

महिलाओं के खिलाफ अपराध को लेकर आई एनसीआरबी की रिपोर्ट पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने  योगी  सरकार पर निशाना साधा और कहा बीजेपी इस तथ्य को दबा नहीं सकती हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में अपराध कम होने का दावा करती है। लेकिन राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो यानी एनसीआरबी की रिपोर्ट के आंकड़े कुछ और ही बयां करते हैं। एनसीआरबी के मुताबिक महिलाओं के खिलाफ अपराध मामले में 28 राज्यों में से उत्तर प्रदेश नंबर वन पर है, यहां पर महिलाओं के खिलाफ सबसे अधिक अपराध दर्ज किए गए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव  ने इसे लेकर यूपी सरकार पर निशाना साधा है।

रिपोर्ट के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 65,743 मामले दर्ज किए गए, इसके बाद दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र आता है, जहां 45,331 मामले और तीसरे नंबर पर राजस्थान में 45,058 मामले दर्ज किए गए। जबकि साल 2021 में यूपी में महिलाओं के खिलाफ 56,083 अपराध के मामले दर्ज किए गए, इसके बाद राजस्थान 40,738 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर रहा था।

एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2022 में देशभर में महिलाओं के खिलाफ कुल 445,256 अपराध के मामले दर्ज किए गए, जो 2021 में दर्ज 428,278 से चार प्रतिशत अधिक है। इनमें से ज्यादातर मामले पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा मारपीट के आते हैं। इसके बाद अपहरण, रेप जैसे मामले हैं।

अखिलेश यादव ने साधा निशाना

महिलाओं के खिलाफ अपराध को लेकर आई एनसीआरबी की रिपोर्ट पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने  योगी  सरकार पर निशाना साधा और कहा बीजेपी इस तथ्य को दबा नहीं सकती हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा, ‘अब जब ये समाचार है कि उप्र ‘महिलाओं के खिलाफ अपराधों’ में नंबर वन पर है तो भाजपा सरकार ये कुतर्क देगी कि जब उप्र की जनसंख्या सबसे ज़्यादा है तो अपराध भी सबसे ज़्यादा होंगे। तो ऐसे में जनता ये कहेगी कि अगर जनसंख्या सबसे ज़्यादा है तो संसाधन भी तो सबसे ज़्यादा हैं। भाजपा ऐसी बचकानी दलीलों से महिलाओं के ख़िलाफ़ हो रहे अपराधों के सत्य और तथ्य को दबा नहीं सकती।’

 

First Published on: December 18, 2023 10:13 AM
Exit mobile version