नोएडा में अब घर नहीं आएंगी खाना बनाने वाली दीदी!

नोएडा में चार दिन से जारी श्रमिक आंदोलन के बीच अब हाउस हेल्प (Domestic Help) ने भी हड़ताल शुरू कर दी है। नोएडा के सेक्टर 121, क्लियो काउंटी सोसाइटी के तमाम घरों में काम करने वाली मेड्स सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। उनका कहना है कि उनकी सैलरी कम है, जिसे बढ़ाया जाना चाहिए।

प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का दावा है कि उन्हें छुट्टी नहीं मिलती है। जब तक उनका वेतन नहीं बढ़ता, वह काम पर नहीं लौटेंगी। फिलहाल, नोएडा पुलिस मौके पर है और स्थिति को नियंत्रण में रखे है।

नोएडा पुलिस ने जानकारी दी है कि आज (मंगलवार, 14 अप्रैल) नोएडा में चल रहे धरना/प्रदर्शन के दृष्टिगत कमिश्नरेट नोएडा में सुदृढ़ पुलिस व्यवस्थापन किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल एवं वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न स्थलों पर तैनात हैं। क्लियो काउंटी, गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-121, सेक्टर-70, का घटना स्थल एक ही है जहां पर घरों में काम करने वाली घरेलू सहायिकाओं (मेड) द्वारा अपने काम का पैसा बढ़ाने के लिए प्रदर्शन किया गया था, स्थिति पूर्णतः शांतिपूर्ण है तथा कानून-व्यवस्था स्थापित है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करें। अराजकता फैलाने एवं अफवाहें प्रसारित करने वाले तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध दृढ़तापूर्वक विधिक कार्यवाही की जाएगी। सभी से अपील है कि शांति एवं संयम बनाए रखें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में शांति, सुरक्षा एवं जनसुविधा सुनिश्चित करने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

जानकारी के लिए बता दें कुछ दिन से चल रहा श्रमिक आंदोलन सोमवार, 13 अप्रैल को हिंसक हो गया जब नोएडा के कई इलाकों में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने पत्थर उठा लिए और इलाके में आगजनी कर दी। पुलिस की गाड़ियों को नुकसान पहुंचा गया। इमारतों के कांच तोड़े गए और पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया गया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। कार्रवाई करते हुए कई लोगों को डिटेन किया गया और नोएडा समेत दिल्ली में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। फिलहाल, नोएडा में स्थिति सामान्य है, लेकिन कुछ इलाकों में आज भी पत्थरबाजी हुई है।

First Published on: April 14, 2026 12:37 PM
Exit mobile version