शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे सादिक के निधन पर पीएम व सीएम ने जताया शोक


लखनऊ। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं जाने-माने शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे सादिक का मंगलवार देर रात निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी की राजयपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है।

पीएम नरेन्द्र मोदी ने शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे सादिक के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि सामाजिक सद्भावना और भाईचारे के लिए उन्होंने उल्लेखनीय प्रयास किया।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष रहे मौलाना कल्बे सादिक के निधन से अत्यंत दुख हुआ। उन्होंने सामाजिक सद्भावना और भाईचारे के लिए उल्लेखनीय प्रयास किया। उनके परिजनों और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’

कैंसर, गंभीर निमोनिया और संक्रमण से पीड़ित मौलाना सादिक पिछले करीब डेढ़ महीने से अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें पिछले मंगलवार को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे सादिक के निधन पर बुधवार को दुःख व्यक्त किया। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौलाना के निधन पर दुख व्यक्त किया है। मौलाना सादिक के बेटे कल्बे सिब्तैन नूरी ने बताया कि उनके पिता ने लखनऊ स्थित एरा अस्पताल में रात करीब 10 बजे अंतिम सांस ली।

अस्पताल द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक मंगलवार को उनकी हालत और भी बिगड़ गई थी और देर रात उनका निधन हो गया। मौलाना कल्बे सादिक दुनिया भर में अपनी उदारवादी छवि के लिए जाने जाते थे।