भाजपा नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया

शुक्रवार रात अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने भाजपा नेता दयाशंकर गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों व भाजपा नेताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए जाम लगा दिया था और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी।

फिरोजाबाद। फिरोजाबाद के टूंडला तहसील के नगला बीच चौराहे पर शुक्रवार की रात भाजपा नेता दया शंकर गुप्ता की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे गहरी पूछताछ कर रही है। फिरोजाबाद के SSP सचिंद्र पटेल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया है।

एसएसपी ने बताया कि शुक्रवार को भाजपा नेता डीके गुप्ता की हत्या के मामले में परिजनों द्वारा वीरेश तोमर व दो अन्य लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया गया है। जिसमें पुलिस टीमों का गठन कर तोमर सहित दो अन्य लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसएसपी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में यह सामने आया है कि इन लोगों का कोई विवाद चला आ रहा था और फेसबुक पर भी इस मामले में पोस्ट डाली गई थी।

कहा कि फिलहाल सभी बिंदुओं पर गहनता से तफ्तीश की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना में कार्रवाई की जाएगी। शव के अंतिम संस्कार के लिए पुलिस बल की व्यवस्था की जा रही है। गौरतलब है कि शुक्रवार रात अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने भाजपा नेता दयाशंकर गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों व भाजपा नेताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए जाम लगा दिया था और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी।

First Published on: October 17, 2020 1:29 PM
Exit mobile version