
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के बलिया में एक टीवी चैनल के पत्रकार फेफना निवासी रतन सिंह की गोली मारकर की गयी हत्या के मामले में अब विपक्षी दल भी सरकार पर हमलावर हो गए हैं। पत्रकार की हत्या के बाद उनके परिवारवालों से मिलने बलिया जा रहे कांग्रेस के नेताओं को पुलिस ने बीच में ही रोक दिया।
इसके बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित कई नेता पैदल ही बलिया के लिए चल पड़े। पुलिस ने अजय कुमार लल्लू सहित महासचिव मनोज यादव, किसान कांग्रेस अध्यक्ष तरुण पटेल, लखनऊ जिला अध्यक्ष वेद त्रिपाठी समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को रायबरेली के समसपुर पक्षी बिहार के गेस्ट हाउस में लाया गया है।
आपको बता दें कि सोमवार की देर रात पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। दिन भर जिला मुख्यालय रहने के बाद वे शाम को फेफना अपने आवास पर गए थे। फेफना तिराहे पर उनका नया घर है लेकिन वे किसी से मिलने गांव में गए थे। इसके बाद रात को वे पैदल ही घर जा रहे थे। इस बीच कुछ लोगों ने बात करने के बहाने रतन को बुलाया। तभी किसी ने गोली चला दी। जान बचने के लिए रतन ग्राम प्रधान के घर में भागे लेकिन हमलावर घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी।
बलिया एसपी देवेंद्र नाथ ने बताया कि रतन का उनके पट्टीदारों से विवाद चल रहा था। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं दूसरी और लोगो के आक्रोश को देखते हुए फेफना के थाना प्रभारी शशिमौली पांडेय को निलंबित कर दिया गया है।