
चित्रकूट (उप्र)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार सुबह चित्रकूट में कामदगिरि की परिक्रमा की और भगवान कामतानाथ के दर्शन किये।
यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा , “यह पवित्र स्थल है। इस पवित्र स्थल से अगर आवाज जाएगी, तो दूर-दूर तक पहुंचेगी। हम भगवान से प्रार्थना करेंगे कि यह सरकार जाए और जनता से अपील है कि जब भी मौका मिले तो सरकार को हटाए।” बदायूं की हाल की घटना और राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा ,‘‘ उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय तक कह चुका है कि यहां ‘जंगलराज’ है। सबसे ज्यादा फर्जी मुठभेड़ और हिरासत में मौतें यहां हुई हैं।’’
सपा के समय चित्रकूट में पर्यटन के विकास के लिए बड़े विमानों व व्यावसायिक उड़ानों हेतु चित्रकूट की हवाई पट्टी का जो काम शुरू हुआ था, वो भाजपा सरकार में ठप्प पड़ा है.
विकास का हवाई दावा करनेवाली भाजपा के लिए अब उप्र की जनता कह रही है :
भाजपा के चार साल पूरे
लेकिन सारे काम अधूरे! pic.twitter.com/3rWNPC4FTi— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 7, 2021
सपा मुखिया ने कहा, ” चित्रकूट में आज जो भी विकास दिख रहा है, वह सपा सरकार के समय का है। चार साल में हवाई पट्टी तक नहीं बन पाई। बिजली के तार तक नहीं ठीक हुए। पूरे प्रदेश में बिजली की कटौती की गई और बिजली के बिल बढ़ा दिए गए।”
भाजपा सरकार को यूपी ये उखाड़ फेंकने के सवाल पर अखिलेश बोले हम भगवान के दरबार में खड़े हैं। जो बदायूं में हुआ है, क्या कोई कल्पना कर सकता है कि धर्मस्थल में ऐसी घटना हो सकती है। वहां का पुजारी ऐसी घटना में शामिल हो। हम तो भगवान से यही प्रार्थना करेंगे कि ये सरकार जाए।
हम जनता से अपील करेंगे कि जब भी मौका मिले इस सरकार को हटाएं। इस सरकार ने किसानों, व्यापारियों, नौजवानों सब को धोखा दिया है। इस सरकार ने फूट डालने का काम किया है। हम जिस स्थान पर खड़े हैं सरकार उसके भी तोड़ना चाहती है। सरकार किसी का नक्शा नहीं देख रही है। सरकार का खुद का नक्शा खराब है।