UP हिंसा पर राहुल गांधी का तंज, कहा- उत्तर प्रदेश में ‘हिंसा’ का नाम बदलकर ‘मास्टरस्ट्रोक’ रख दिया गया है


कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के नामांकन के दौरान हुई हिंसा को लेकर शनिवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर निशाना साधा।



नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के नामांकन के दौरान हुई हिंसा को लेकर शनिवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया, “उत्तर प्रदेश में ‘हिंसा’ का नाम बदलकर ‘मास्टरस्ट्रोक’ रख दिया गया है।”

इसके साथ ही उन्होंने एक खबर का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है, जिसमें नामांकन प्रक्रिया के दौरान हुई हिंसा के बारे में लिखा गया है. कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से बीजेपी पर महिलाओं का अपमान करने के आरोप लगाए हैं.

पार्टी ने लिखा, ‘यूपी में नामांकन करने से रोकने के लिए एक महिला के साथ भाजपाइयों का ये व्यवहार निंदनीय है। बलात्कार से लेकर बलात्कारियों को बचाने तक भाजपा ने हमेशा महिला सम्मान की धज्जियां उड़ाई है।’ एक अन्य ट्वीट में पार्टी ने लिखा, ‘हिंसा तो हिंसा है… चाहे वो पश्चिम बंगाल में हो या उत्तर प्रदेश में हो… इसे किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता है। यूपी के चुनाव में हुई हिंसा पर पीएम मोदी और सरकार में बैठे लोगों की चुप्पी हिंसा पर मौन सहमति है।’

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी ट्वीट कर आरोप लगाया, “सरकार वही। व्यवहार वही।”

प्रियंका ने एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, “कुछ सालों पहले एक बलात्कार पीड़िता ने भाजपा विधायक के खिलाफ आवाज उठाई थी, उसे और उसके परिवार को मारने की कोशिश की गई। एक महिला का नामांकन रोकने के लिए भाजपा ने सारी हदें पार कर दीं।”



Related