आगरा में फ्लाईओवर पर खड़े कैंटर से टकराई रोडवेज बस, 4 लोगों की मौत

आगरा। आगरा में बृहस्पतिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-2 पर स्थित छलेसर फ्लाईओवर पर एक बस वहां खड़े एक कैंटर वाहन से टकरा गई। हादसे में बस में सवार कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा एत्मादपुर थाना क्षेत्र में आने वाले इलाके में सुबह करीब 4.30 बजे हुआ।

उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस कानपुर से आ रही थी और आगरा बस स्टैंड की ओर जा रही थी। पुलिस उप-निरीक्षक उदयवीर सिंह ने बताया कि बस पहले सड़क पर खड़े कैंटर से टकराई और उसके बाद डिवाइडर पर चढ़ गई। सभी को एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान मणि (60), रेशम (65), मंडलेश्वर (28) और नरेंद्र सिंह चौहान (52) के तौर पर की गई है। एसआई सिंह के अनुसार घायलों का यहां सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

नेशनल हाईवे 19 के छलेसर फ्लाईओवर पर तरबूज से भरा कैंटर रात को खराब हो गया था। कैंटर चालक ने उसे डिवाइडर की साइड में ही खड़ा कर दिया था। तड़के कानपुर से आगरा आ रही फोर्ट डिपो की रोडवेज बस के चालक को कैंटर दूर से दिखाई नहीं दिया।

पास आने पर कैंटर दिखा तो उसने बचाने की कोशिश की। तब तक चालक की साइड से रोडवेज बस कैंटर से टकरा गई। इसके बाद बस डिवाइडर पर चढ़कर रुक गई। बस में सवार अधिकतर यात्री सो रहे थे।

बस में सकुशल बचे यात्री किसी तरह बाहर आ गए। हादसे की जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इनमें से चार की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

First Published on: June 10, 2021 12:12 PM
Exit mobile version