AAP सांसद संजय सिंह ने किया ऐलान-रामपुर से अमरोहा तक चलेगी ‘वोट बचाओ-संविधान बचाओ’ पदयात्रा

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
उत्तर प्रदेश Updated On :

आम आदमी पार्टी (AAP) उत्तर प्रदेश में मतदाता अधिकार और संविधान की रक्षा को लेकर बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बरेली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घोषणा की कि 21 दिसंबर से 26 दिसंबर तक रामपुर से अमरोहा तक 6 दिन की पदयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा तीन जिलों रामपुर, मुरादाबाद और अमरोहा को कवर करेगी।

संजय सिंह ने बताया कि पदयात्रा के दौरान रामपुर, मुरादाबाद, पाकवाड़ा और अमरोहा में 4 बड़ी जनसभाएं होंगी। यात्रा के रूट में अलग-अलग जगहों पर स्वागत और संवाद कार्यक्रम भी रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, जनता को जागरूक करने का अभियान है।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि यूपी में बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में छेड़छाड़ की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में एक विधानसभा में 70–70 हजार वोट काटे गए। अब यूपी में लगभग दो करोड़ वोट हटाने की तैयारी है। हमारे पास लखनऊ, जौनपुर और रामपुर की गड़बड़ियों के पुख्ता प्रमाण हैं। 11 दिसंबर को मैं जिलावार पूरे आंकड़े सामने रखूंगा।

उनके मुताबिक, डेथ, परमानेंट शिफ्टेड और अनट्रेसेबल कैटेगरी के नाम पर असली वोटरों को बाहर किया जा रहा है।

संजय सिंह ने लखनऊ की उस घटना का जिक्र किया जिसमें असम से आए सफाईकर्मियों को सभी दस्तावेज होने के बावजूद बांग्लादेशी बताकर नोटिस थमा दिया गया। उन्होंने कहा कि जौनपुर के दुलैपुर में भी वाराणसी से काम करने आए लोगों को विदेशी बताकर वोट काटे जा रहे हैं। यह वोट की खुली डकैती है।

उनका कहना था कि बीजेपी एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर असली वोटरों को हटाकर चुनावी गणित बदलने की कोशिश कर रही है।

पदयात्रा के दूसरे बड़े मुद्दे संविधान बचाने पर बोलते हुए संजय सिंह ने केंद्र और यूपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज बराबरी और धर्मनिरपेक्षता के अधिकार पर हमला हो रहा है। भाजपा एक नकली बाबा वाली बहस चलवा रही है, जो देश को बांटने की साजिश है। देश बाबा साहब अंबेडकर के संविधान से चलेगा, किसी बाबा के फरमान से नहीं।

उन्होंने कहा कि अगर हर कोई अलग राष्ट्र की मांग करने लगे सिख राष्ट्र, तमिल राष्ट्र, नागा राष्ट्र तो देश रियासतों में बंट जाएगा।

बरेली में हाल की बुलडोजर कार्रवाई पर संजय सिंह ने कहा कि भाजपा इसे सिर्फ दिखावे और समाज को बांटने के लिए इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में 140 साल पुराना मंदिर, काशी में 300 मंदिर और अयोध्या में कई घर-मंदिर बुलडोजर से गिराए गए। सुल्तानपुर में सफाईकर्मियों की झुग्गियां तोड़ी गईं। बुलडोजर संविधान नहीं है।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट भी साफ कर चुका है कि बुलडोजर का दुरुपयोग नहीं किया जा सकता।

संजय सिंह ने दावा किया कि बिहार की एसआईआर जांच में कुल 315 लोग मिले, जिनमें से 78 मुसलमान और बाकी नेपाल के हिंदू थे। उन्होंने कहा कि 80 लाख वोट काट दिए गए। क्या सबको डिटेंशन सेंटर में रखोगे? यह सब मुद्दों से ध्यान भटकाने का तरीका है।

संजय सिंह ने कहा कि 21 से 26 दिसंबर तक चलने वाली यह पदयात्रा हर जिले में लोगों को बताएगी कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर कैसे वोटरों को अधिकारों से वंचित किया जा रहा है और संविधान को कमजोर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ आप का नहीं, हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। लोकतंत्र तभी बचेगा जब वोट और संविधान दोनों सुरक्षित रहेंगे।



Related