श्री गांधी आश्रम शताब्दी समारोह : उपमुख्यमंत्री ने चरखे से सूत काता

इस अवसर परपाठक ने 'श्री गांधी आश्रम: कठिन पथरीली यात्रा के 100 वर्ष' शीर्षक पुस्तक का लोकार्पण भी किया। पुस्तक में श्री गांधी आश्रम का 100 वर्षों का संक्षिप्त इतिहास लिपिबद्ध किया गया है।

लखनऊ। श्री गांधी आश्रम शताब्दी समारोह का आयोजन स्थानीय शाहनजफ रोड स्थित श्री गांधी आश्रम के मुख्यालय में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि महात्मा गांधी और आचार्य कृपलानी ने ब्रिटिश सरकार को उखाड़ फेंकने और स्वदेशी स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए खादी और चरखा को आगे बढ़ाया तथा श्री गांधी आश्रम जैसी संस्थाओं को खड़ा किया। उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इसे आगे बढ़ाने में तत्पर है।

इस अवसर पर पाठक ने ‘श्री गांधी आश्रम: कठिन पथरीली यात्रा के 100 वर्ष’ शीर्षक पुस्तक का लोकार्पण भी किया। पुस्तक में श्री गांधी आश्रम का 100 वर्षों का संक्षिप्त इतिहास लिपिबद्ध किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने इस पुस्तक को उत्तर प्रदेश के सभी पुस्तकालयों तक पहुंचाने की भी इच्छा व्यक्त की। इस अवसर पर एक चरखा प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया था। मुख्य अतिथि  ब्रजेश पाठक ने चरखा प्रदर्शनी में जाकर चरखे से सूत भी काता।

समारोह में बोलते हुए पूर्व सांसद वरिष्ठ साहित्यकार उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के पूर्व उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने खादी के प्रति अपना विशेष अनुराग प्रकट किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी जमाने में बाहर से वस्त्र का आयात होता था। उससे स्वावलंबन हासिल करने के लिए श्री गांधी आश्रम और खादी का कार्यक्रम चला। समारोह के विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर डॉ. सुबोध दुबे ने पुस्तक के लेखक दीनानाथ तिवारी के कठिन साधना की प्रशंसा की और श्री गांधी आश्रम एवं पुस्तक के प्रति अपनी शुभकामना व्यक्त की।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ गांधीवादी व केंद्रीय गांधी स्मारक निधि के अध्यक्ष रामचंद्र राही ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में खादी चरखा और श्री गांधी आश्रम के पीछे का दर्शन समझाया तथा वर्तमान चुनौतियों की चर्चा की। समारोह में वरिष्ठ गांधीवादी एवं ‘श्री गांधी आश्रम: कठिन पथरीली यात्रा के 100 वर्ष’ के लेखक दीनानाथ तिवारी, रामनरेश सिंह, रामेश्वर नाथ मिश्र आदि ने भी गांधी आश्रम की 100 वर्षों की यात्रा का रोचक वृतांत सुनाया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में गांधीवादी कार्यकर्ता उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन श्री गांधी आश्रम के महामंत्री अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने किया जबकि कार्यक्रम का संचालन आचार्य कृपलानी मेमोरियल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी अभय प्रताप ने किया।

First Published on: November 30, 2022 5:31 PM
Exit mobile version