यूपी के 60 जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिरने की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद अप्रैल के महीने में ही ठंड जैसा एहसास होने लगा है। मंगलवार शाम को एक बार फिर से नोएडा, ग़ाज़ियाबाद में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंडी हवाओँ की वजह से सर्दी का एहसास होने लगा। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी होगी।

यूपी में बारिश का दौर जारी है। सुबह से ही पश्चिमी यूपी के ज़्यादातर हिस्सों में काले घने बादल छाए हुए हैं। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ व आसपास के इलाकों में बारिश हो रही हैं। नोएडा-गाजियाबाद में भी बादलों का डेरा आसमान में छाया है। राजधानी लखनऊ में बारिश की वजह से तापमान में कमी आई हैं और सुबह से ही काले बादल छाए हुए हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक आज 8 अप्रैल बुधवार को पश्चिमी यूपी के संभाग में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश के बौछारें पड़ने का ऑरेंज अलर्ट है। इस 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट है। वहीं पूर्वी संभाग में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना हैं। इन जिलों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाओं का यलो अलर्ट है।

IMD ने दी आंधी बारिश की चेतावनी

यूपी में आज सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, जौनपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली और वाराणसी में अनेक स्थानों पर बारिश होगी।

इन जिलों में ओले गिरने का अलर्ट

नोएडा, ग़ाज़ियाबाद, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, बदायू, सँभल, बरेली, सुल्तानपुर, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, उन्नाव, फतेहपुर, बांदा, महोबा, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, जालौन, कानपुर, औरैया, इटावा, मैनपुरी और कन्नौज में बारिश, आंधी और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। यहां 60 किमी की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी।

यूपी में बारिश की वजह से प्रदेश के अधिकतम तापमान में अगले 24 घंटों में 6-8 डिग्री तक तेजी से गिरावट आएगी, जिसके बाद आने वाले दिनों में इतना ही तापमान बढ़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में मौसम का यही रुख बना रहेगा। जिसके बाद मौसम सामान्य हो जाएगा।

First Published on: April 8, 2026 9:13 AM
Exit mobile version