बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा, श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर को कंटेनर ने मारी टक्कर, 8 की मौत, 45 घायल

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
उत्तर प्रदेश Updated On :
फाइल फोटो


उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां अलीगढ़ बॉर्डर के पास एनएच 34 पर श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर को पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। ये टक्कर इतनी तेज थी, ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 45 लोगों घायल हो गए हैं।

ये हादसा बुलंदशहर थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 34 पर घटाल गांव के पास हुआ। हादसे के वक्त ट्रैक्टर में 60-61 श्रद्धालु सवार थे, जो कासगंज से राजस्थान के गोगामेड़ी जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए चिल्लाने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद लोगों को बचाने का काम शुरू हुआ।

पुलिस ने तत्काल हादसे में घायल लोगों को एंबुलेंस के जरिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इस हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हादसे में 45 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में 3 लोग वेंटिलेटर पर हैं, जिनकी हालत गंभीर है। हालांकि, बाकी लोगों को मामूली चोटें आईं हैं।

इस बारे में जानकारी देते हुए बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कहा, “आज रात करीब 2:15 बजे अलीगढ़ बॉर्डर पर NH-34 पर एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है। करीब 60-61 लोग एक ट्रैक्टर में सवार होकर कासगंज जिले से राजस्थान जा रहे थे। पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।”

उन्होंने बताया, “टक्कर के बाद ट्रैक्टर पलट गया और बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। घायलों में से 3 को छोड़कर बाकी सभी की हालत ठीक बताई जा रही है। ट्रैक्टर को मौके से हटा दिया गया है। ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है।



Related