सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत, 20 अन्य घायल

भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही से एक वृद्ध के शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए मिर्ज़ापुर के भोगांव घाट जा रहा एक वाहन दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में पलटकर सड़क से दस फ़ुट नीचे गिर गया जिससे दो सगे भाइयों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी राम लखन मिश्रा ने बताया कि यह हादसा रविवार अपराह्न औराई थाना क्षेत्र के बभनौटी गांव के पास हुआ उस समय हुआ जब जिले के ही चौरी थाना क्षेत्र के भाला गांव निवासी एक वृद्ध के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए लोग एक वाहन से जा रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस हादसे में रामेश्वर चौहान (45) की मौके पर ही मौत हो गई तथा सोमवार सुबह उनके भाई संवर लाल चौहान (35) की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।

मिश्रा ने बताया कि सभी घायलों को शहर के महाराजा बलवंत सिंह सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से सात की हालत गंभीर होने पर उन्हें शहर के दो निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि बीती देर रात तीन घायलों को वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

अधिकारी ने कहा कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

First Published on: September 27, 2021 5:40 PM
Exit mobile version