कुशीनगर। सूबे कस मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जिले से गोरखपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर कुशीनगर के कप्तानगंज में बुधवार की सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक विस्फोट हो गया जिसमें एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं इस हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में नाजिया (14 वर्ष) पुत्री अली हसन, जावेद (35 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अनवर, फातिमा (52) पत्नी अनवर ने मौके पर ही डैम तोड़ दिया जबकि एक अन्य की मेडिकल कालेज ले जाते समय मौत हो गई।
एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस व दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। बचाव कार्य के दौरान दो शव बरामद हुए। अंदर कितने लोग थे यह अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। मकान मालिक पर रिहायशी इलाके में पटाखा रख गोदाम बनाने का मामला दर्ज किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, कस्बे के वार्ड नंबर 11 आर्य समाज मंदिर निवासी जावेद के घर में अवैध रूप से पटाखा बनाने का कारोबार चल रहा था। बुधवार की भोर में घर के अंदर तेज धमाका हुआ। आस-पास के मकान भी इस धमाके में क्षतिग्रस्त हो गए।
धमाके के बाद पूरे कस्बे में अफरा तफरी मच गई। चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलने पर पहुंची कप्तानगंज पुलिस मकान के अंदर घुसी तो चारों तरफ ईंट, बारूद व अन्य सामान बिखरे पड़े थे।
बताया जाता है कि कस्बा निवासी जावेद ने दीपावली को लेकर घर के ही एक बड़े हिस्से में अवैध पटाखा जमा कर रखा था। सुबह सात बजे घर में अचानक आग लग गई। पटाखों की आवाज व घर से निकलते धुएं को देख लोग सकते में आ गए। किसी ने खबर पुलिस व फायर कर्मियों को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस व फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंच गए और लोगों की मदद से आग को काबू करने में जुट गए। आग की लपटें देख आस पास के लोग घंटों दहशत में रहे। जावेद के घर से पूरी तरह जल चुके दो शव मिले हैं।