फिरोजाबाद। राज्य के फिरोजाबाद जिले के जसराना क्षेत्र में कोरोना से जहां दूल्हे की मौत हो गई वहीं एक ही परिवार के नौ सदस्यों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर नीता कुलश्रेष्ठ ने बताया कि जसराना थाना क्षेत्र के नगला सावंती गांव में 10 दिन पहले एक युवक की शादी हुई थी।
उसके फौरन बाद उसकी तबीयत खराब हुई और चार दिसम्बर को उसकी मौत हो गयी। कोरोना वायरस संक्रमण का संदेह होने पर परिवार के अन्य सदस्यों की कोरोना की जांच की गयी, जिसमें नवविवाहिता, उसकी सास, देवर, देवरानी और बुआ समेत 9 लोगों के संक्रमित होने की मंगलवार को पुष्टि हुई।
उन्होंने बताया कि दूल्हे की कोरोना जांच नहीं हुई थी लिहाजा उसकी मौत संक्रमण से हुई है, यह नहीं कहा जा सकता। फिलहाल शादी वाले परिवार में 9 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
डॉक्टर नीता ने बताया कि गांव में स्वास्थ्य महकमे द्वारा कोरोना जांच शिविर भी लगाया गया है जिससे संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी जांच की जा सके।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कोरोना के 3673 मामले आ चुके हैं। उनमें से 67 मरीजों की मौत हो गयी है। जिले में इस वक्त 171 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
